पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गगल स्थित मांझी पुल के पास शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 40 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रछियालू गांव निवासी संदीप कुमार (40) के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब संदीप स्कूटी पर सवार होकर गगल से अपने घर वापस लौट रहे थे। बस के टायर के नीचे आए, सिर में आई गंभीर चोट प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चामुंडा से जसूर की ओर जा रही ‘भटिया’ नाम की एक निजी बस ने संदीप की स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संदीप बस के टायर के नीचे आ गए। हालांकि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद चालक और परिचालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। परिजनों और ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, एनएच पर 2 घंटे जाम
घटना की सूचना मिलते ही गगल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान मृतक के परिजन और रछियालू गांव के बड़ी संख्या में लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए। उग्र ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए शव को बस के नीचे से नहीं निकालने दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी बस चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की और मांझी पुल पर चक्का जाम कर दिया। इसके चलते पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर करीब दो घंटे तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं और यातायात पूरी तरह ठप रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर और समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
गगल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है और मौके से फरार हुए बस चालक व परिचालक की तलाश में छापेमारी जारी है।

Spread the love