पर्यटन नगरी मनाली में मनाली मैराथन-4 का आगाज हो गया है। इस बार आयोजन में 1100 से अधिक धावक हिस्सा ले रहे हैं। शुक्रवार रात (आज) 11 बजे 100 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन के लिए 11 धावक रोहतांग दर्रे की तरफ रवाना होंगे। एसडीएम मनाली गुंजीत चीमा हरी झंडी दिखाकर धावकों को दौड़ के लिए रवाना करेंगे। वहीं, शनिवार सुबह 6 बजे 42 किलोमीटर फुल मैराथन और 21 किलोमीटर हाफ मैराथन का शुभारंभ होगा। आयोजन को लेकर धावकों में खासा उत्साह है। कल मैराथन और हाफ मैराथन का आयोजन जिला प्रशासन के सहयोग से हिमालयन एक्सट्रीम की ओर से आयोजित इस मैराथन में अलग-अलग श्रेणियों में धावक अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण 100 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन होगी। यह दौड़ मनाली से रोहतांग दर्रे तक और वहां से वापस मनाली में पूरी होगी। इसके अलावा 42 किलोमीटर, 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ भी आयोजित की जाएगी। बच्चों के लिए रन फॉर फन का आयोजन होगा। 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ भी होगी आयोजक प्रवीण सूद (पिंटू) ने बताया कि मैराथन का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता और फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। 1 नवंबर को डीसी कुल्लू डॉ. अमित शर्मा 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ के साथ बच्चों की रन फॉर फन को हरी झंडी दिखाएंगे। एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर भी इस दौड़ में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार बच्चों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए विशेष पहल की गई है। निर्धारित स्थान पर प्लास्टिक की खाली बोतलें इकट्ठी कर स्वच्छता का संदेश देने वाले बच्चों को मैराथन में निशुल्क एंट्री दी गई है। साथ ही उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।