हिमाचल प्रदेश में आज करवाचौथ का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। सुबह सरगी ग्रहण करने के बाद सुहागिनों ने पति की लंबी आयु और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ व्रत रखा। अब महिलाएं बाजारों में खरीदारी और शृंगार के लिए निकली है।शाम को पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं को चांद निकलने का इंतजार रहेगा। मगर आज खराब मौसम के कारण चांद दिखने में देरी हो सकती है। शिमला के रिज और मनाली के मॉल रोड पर स्थानीय महिलाओं के साथ टूरिस्ट कपल्स भी करवाचौथ मनाते नजर आएंगे। चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर महिलाएं व्रत खोलेंगी। हिमाचल के अलग अलग शहरों में रात 7 बजकर 59 मिनट से 8 बजकर 10 मिनट के बीच में चांद नजर आएगा। पूजा का मुहूर्त शाम 5:38 से 6:56 बजे तक करवाचौथ पर महिलाओं ने सुबह सरगी ग्रहण करने के बाद व्रत शुरू किया। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को करवा माता की पूजा और व्रत कथा सुनने की परंपरा निभाई गई। पूजा का मुहूर्त शाम 5:38 से 6:56 बजे तक रहा। परंपरा के अनुसार, चंद्रमा निकलने पर महिलाएं अर्घ्य अर्पित करेंगी और पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत पूरा करेंगी। रिज और मनाली के मॉल रोड पर रहेगी रौनक शिमला के रिज मैदान पर करवाचौथ के दिन खास रौनक रहती है। यहां स्थानीय महिलाएं और पर्यटक चांद के दीदार के लिए पहुंचते हैं। मनाली के मॉल रोड पर भी त्योहार के दौरान पर्यटकों की आवाजाही के बीच करवाचौथ का उत्साह देखने को मिलेगा। वहीं, शिमला के मालरोड सहित अन्य बाजारों में महिलाएं चूड़ियां, कपड़े, मेहंदी, शृंगार सामग्री और पूजा का सामान खरीदती नजर आईं। होटलों के रूफटॉप से चांद देखने का इंतजाम करवाचौथ पर इस बार पर्यटन कारोबार भी त्योहार के रंग में रंगा है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और कसौली सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर होटल कारोबारियों ने दंपतियों के लिए खास इंतजाम किए हैं। कहीं कमरों की बुकिंग पर छूट दी जा रही है, तो कहीं रूफटॉप, ओपन डेक और निजी बालकनी से चांद देखने की सुविधा मिलेगी। कैंडललाइट डिनर और विशेष खानपान के पैकेज भी तैयार किए गए हैं। मकसद है कि दंपति होटल में ही पूजा से लेकर चांद के दीदार और व्रत खोलने तक के पल यादगार बना सकें। HPTDC में 10%, निजी होटलों में 30% तक छूट हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) ने अपने होटलों में ठहरने वाले दंपतियों के लिए 10 फीसदी छूट की घोषणा की है। निगम ने होटल प्रबंधकों को करवाचौथ के मौके पर मेहमानों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं, निजी होटल संचालक बुकिंग पर 10 से 30 फीसदी तक डिस्काउंट दे रहे हैं। कुछ होटल और रिसॉर्ट में खुले स्थानों पर चांद देखने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ कैंडललाइट डिनर, लाइव संगीत और विशेष भोजन के विकल्प भी दिए जा रहे हैं। होटल के पैकेज के अनुसार सुविधाएं अलग-अलग हो सकती हैं। पहली बार पुरुष कर्मचारियों को भी छुट्टी करवाचौथ पर हिमाचल सरकार ने इस बार पुरुष कर्मचारियों को भी छुट्टी का लाभ दिया है। इससे पहले यह अवकाश महिलाओं तक सीमित था। सरकार के फैसले के बाद गुरुवार को सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश है। इस बदलाव के चलते करवाचौथ पर छुट्टी का दायरा बढ़ा है और पुरुष कर्मचारियों को भी परिवार के साथ त्योहार मनाने का अवसर मिला है।