कसौली क्षेत्र में सेना का फर्जी अधिकारी बनकर घूमने के आरोप में गिरफ्तार बैजनाथ निवासी अर्पण कटोच की मंगलवार को चंडीगढ़ PGI में मौत हो गई। अर्पण ने सोलन के बड़ोग में आत्महत्या का प्रयास किया था। गंभीर हालत में उसे पहले MMU अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उसे PGI रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डीएसपी परवाणू ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। मिलिट्री इंटेलिजेंस कसौली के इनपुट पर हुई थी गिरफ्तारी अर्पण कटोच को रविवार को मिलिट्री इंटेलिजेंस कसौली से मिले इनपुट के आधार पर गढ़खल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह कसौली के एक निजी होटल में शेफ का काम करता था। तलाशी के दौरान उसके पास से सेना का लिकर कार्ड मिलने की बात सामने आई थी। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 168 के तहत केस दर्ज किया था। वर्दी पहनने के पीछे क्या थी वजह? युवक की मौत के बाद मामले से जुड़े कई सवाल अनसुलझे हैं। होटल में शेफ का काम करने वाला अर्पण सेना के अधिकारी की वर्दी पहनकर क्यों घूम रहा था? उसके पास सेना से जुड़ा कार्ड कहां से आया और वह किन लोगों के संपर्क में था? पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही थी। शुरुआती जानकारी में बैरियर पर जांच और टोल टैक्स की पर्ची से बचने के लिए वर्दी पहनने की बात सामने आई थी, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कसौली और सोलन में किराए पर मकान जानकारी के अनुसार, अर्पण कसौली में होटल के पास रहता था। उसने सोलन में भी किराये पर मकान ले रखा था। पुलिस उसकी गतिविधियों, संपर्कों और सेना से जुड़े कार्ड के स्रोत का पता लगाने में जुटी थी। हालांकि,जांच पूरी होने से पहले उसके मकसद को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। आत्महत्या के प्रयास की परिस्थितियों की जांच
अर्पण ने बड़ोग में किन परिस्थितियों में आत्महत्या का प्रयास किया और उस समय वह पुलिस हिरासत में था या जमानत पर बाहर, यह स्पष्ट होना बाकी है। पुलिस रिकॉर्ड और जांच के आधार पर ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के साथ मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया था। गंभीर हालत में उसे पहले MMU अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर PGI रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Spread the love