शिमला के उपनगर ढली में सड़क किनारे रौंग पार्किंग लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ढली सब्जी मंडी और पुलिस स्टेशन के बाहर आज सुबह ट्रैफिक जाम लगा रहा। इस दौरान एक एंबुलेंस समेत बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ढली सब्जी मंडी और पुलिस स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे से वाहनों की कतारें लगनी शुरू हुई और सुबह 6:15 बजे तक जाम की स्थिति बनी हुई थी। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण सड़क पर आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। ऐसे में सुबह के व्यस्त समय में यातायात बाधित हो जाता है। इसी तरह, ढली सब्जी मंडी के भीतर और एंट्री गेट पर भी कई वाहन रौंग साइड पार्क थे। इससे सब्जी की गाड़ियां बाहर मुख्य सड़क पर खड़ी रही। इन गाड़ियों के कारण भी ट्रैफिक जाम की स्थिति गंभीर रही। स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को होती है परेशानी ढली सब्डी मंडी के आसपास ट्रैफिक जाम आम बात हो गई है, जबकि यहां पर सड़क बहुत चौड़ी है। फिर भी यहां अक्सर ट्रैफिक जाम लोगों को परेशान करता है। शहर की अधिकांश प्राइवेट बसें और निजी वाहन बेतरतीब ढंग से यहां पार्क किए जाते है। इससे अक्सर स्कूली बच्चों, कामकाजी लोगों और आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है। पुलिस थाने के बाहर ही जाम, कार्रवाई पर सवाल हैरानी की बात यह है कि ढली पुलिस थाना के बाहर भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय स्तर पर सड़क किनारे अवैध और बेतरतीब पार्किंग का मुद्दा कई बार पुलिस के ध्यान में लाए जाने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। लोगों की मांग है कि सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और यातायात सुचारू रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए। यदि सड़क किनारे पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो सुबह के समय जाम की समस्या बनी रह सकती है। ऐसे में जरूरी है कि पुलिस और संबंधित विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान निकालें, ताकि आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही भी बाधित न हो।