हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि जैसे ही सुंदर सिंह ठाकुर के भाग्य की कुंडली खुलेगी.., वैसे ही वह मंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि कई बार ग्रह दशा ठीक नहीं होती है। इस कारण यह सब हो रहा है लेकिन पार्टी हाईकमान जल्द इस पर फैसला करेगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि वह तो एक साल से सुंदर सिंह को मंत्री बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कई बार सार्वजनिक मंचों और विधानसभा के भीतर भी इसकी घोषणाएं की है।कुल्लू पहुंचे सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने मेडिकल सीटों के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने मेडिकल सीटें बढ़ाने के लिए प्रयास किए, जिसके बाद केंद्र सरकार से मंजूरी मिली। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सरकार की उपलब्धि बताया। कुल्लू-बंजार में 206 करोड़ की योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्साय मुख्यमंत्री सुक्खू ने कुल्लू जिले के कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों में 206.32 करोड़ रुपए की लागत वाली विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। इनमें कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की 65 करोड़ रुपए की पांच तथा बंजार विधानसभा क्षेत्र की 141.32 करोड़ रुपए की 21 परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कुल्लू के पिरड़ी में पिरड़ी-तरलोगी मार्ग पर 28.35 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 110 मीटर लंबे पुल, मोहल में 7.25 करोड़ रुपए की लागत से 33 केवी सब-स्टेशन, कुल्लू में 8.07 करोड़ रुपए के जीआईसी सब-स्टेशन और शास्त्री नगर में 20.57 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले वेलनेस सेंटर का शिलान्यास किया। सीएम ने धारा-बरसोगी सड़क की आधारशिला रखी बंजार क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत धारा-बरसोगी, नजन नाला-नजन, थेला-जस्ता-परली, बरनगी-मस्यार, बरनगी-चिपनी और सिधवा गौरीगढ़-थनिचर सहित विभिन्न ग्रामीण सड़कों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इसके अलावा देउरी-सुनाड़, बीणी-खंदरागी, चलेहण-देवगढ़, घरटगाड़-कड़ाहील, बठाड़-शीलश्रृंगाड़, बागी कोठी-चौहनी-मियागी, देउठा-ज्वाली, गुशैणी-पेखड़ी से तिन्दर गांव, बलागाड़-भरठीधार, डिंबर-चहरी से गुशैणी सराज, टील-बछुट, मंढी संपर्क मार्ग, गलवाधार-राम्भी और जीभी-रशाला-सरठी सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। गुशैणी में 2.73 करोड़ से बनेगा सब स्टेशन मुख्यमंत्री ने गुशैणी में 2.73 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 33 केवी सब-स्टेशन की आधारशिला रखी, जबकि नगर पंचायत बंजार के रौ-नाला में 5.62 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित बहुमंजिला पार्किंग का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, बिजली आपूर्ति और पार्किंग सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। एनसीसी हैंगर का उद्घाटन किया मुख्यमंत्री ने भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित एनसीसी हैंगर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से प्रदेश के युवाओं को विमानन प्रशिक्षण, सिम्युलेटर आधारित अभ्यास और उड़ान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे युवाओं को भारतीय वायुसेना और सिविल एविएशन में करियर बनाने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा। वर्ष 1972 में हिमाचल में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद कुल्लू में पहली बार इस तरह की समर्पित सुविधा स्थापित की गई है। उद्घाटन अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने विमान मॉडल और स्वयं डिजाइन व विकसित किए गए ड्रोन का प्रदर्शन किया। इस दौरान कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय शिमला के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह सहित एनसीसी अधिकारी, कैडेट्स और उनके अभिभावक मौजूद रहे।