कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पटना में आयोजित रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जिला मंडी ने आज धरना-प्रदर्शन कर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं भाजपा जिला मंडी प्रभारी सुरेश भारद्वाज ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि स्वयं को देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का उत्तराधिकारी बताने वाली कांग्रेस आज राजनीतिक एवं वैचारिक रूप से इतनी कमजोर हो चुकी है कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास प्रधानमंत्री का विरोध करने के लिए भी मर्यादित शब्द नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ राजनेता द्वारा प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को राजनीतिक बयानबाजी में घसीटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यह कांग्रेस की गिरती राजनीतिक मर्यादा और उसके शीर्ष नेतृत्व की मानसिकता को उजागर करता है। देश की सबसे पुरानी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से ऐसी शब्दावली की अपेक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नेता नहीं, बल्कि देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री हैं। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के दिवंगत परिजनों का अपमान करना स्वस्थ लोकतंत्र का हिस्सा नहीं हो सकता। टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग की। प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी की भाजपा जिला मंडी कड़ी निंदा करती है। राजनीति में गाली-गलौज और परिवार के अपमान की संस्कृति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कई नेता धरने में हुए शामिल इस धरना-प्रदर्शन में सदर विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, मंडी जिला भाजपा के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, नगर निगम मंडी की महापौर सुमन ठाकुर, मांचली ठाकुर, करण, मीडिया प्रभारी राकेश वालिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।