हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी सवर्ण आयोग के गठन के समर्थन में उतर गए हैं। विक्रमादित्य सिंह ने विधानसभा के भीतर इसके समर्थन में दिए वक्तव्य के वीडियो को पोस्ट करते हुए एक बार फिर पोस्ट लिखा है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी सवर्ण आयोग (सामान्य वर्ग आयोग) के गठन का समर्थन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर उनका रुख पहले भी स्पष्ट था और आज भी वह इस मांग के साथ मजबूती से खड़े हैं। हम जो कहते हैं, ठोक बजाकर कहते हैं- विक्रमादित्य विक्रमादित्य सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हम जो कहते हैं, पूरी मजबूती और ठोक बजाकर कहते हैं।” उन्होंने कहा कि चाहे विधानसभा का पटल हो या प्रदेश की जनता का मंच, सवर्ण आयोग के गठन की उनकी मांग दिन की तरह साफ और अडिग है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह हर वर्ग के अधिकारों और सम्मान के लिए अलग-अलग आयोग काम कर रहे हैं, उसी तर्ज पर सवर्ण आयोग का गठन भी बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी वर्ग के विरोध में नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए है। मंत्री बोले- जनता की मांग को लेकर चट्‌टान की तरह खड़े हैं उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि वर्षों पहले विधानसभा के भीतर भी उन्होंने इस आवाज को पूरी प्रखरता से उठाया था और आज भी वह प्रदेश की जनता की इस मांग के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। विक्रमादित्य सिंह के अनुसार, वर्तमान सरकार और मुख्यमंत्री के समक्ष इस विषय को लगातार मजबूती से उठाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक और ठोस परिणाम सामने आएंगे। मंत्री ने अपनी पोस्ट के अंत में कहा, “सबका सम्मान, सबका अधिकार – हर हिमाचली का विकास ही हमारा संकल्प! राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने किया था प्रदर्शन बता दें कि बीते वीरवार को राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के नेतृत्व में सामान्य वर्ग के लोगों ने यूजीसी रोल बैक और प्रदेश में सामान्य वर्ग आयोग के गठन की मांग को लेकर सचिवालय के बाहर विशाल प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में मंत्री अनिरूद्ध सिंह प्रदर्शन कारियों के बीच आए और मांगों का समर्थन किया था। इसके बाद अब मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी समर्थन किया है।

Spread the love