पठानकोट पुलिस की ओर से हिमाचल से बिना बिल और दस्तावेज के पंजाब में खनन सामग्री लाने वाले 5 टिप्परों सहित 6 वाहनों को पकड़ा है। इसके साथ 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2 क्रशर मालिकों सहित कुल 8 लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने टिप्परों और ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाए थे। आरोपी टिप्पर चालकों के पास वैध दस्तावेज और बिल भी नहीं थे। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के बाद जांच में आरोप सही पाए जाने पर पठानकोट खनन विभाग ने ट्रक मालिकों को साढ़े 7 लाख रुपए का भारी जुर्माना ठोका है। इसके साथ ही खनन विभाग के एसडीओ गुरसिमरन सिंह ने अवैध खनन करने वालों को चेतावनी दी कि वे सही रूट और नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाी की जाएगी। गांव अत्तेपुर के लोगों ने घेरे वाहन एसडीओ गुरसिमरन सिंह ने बताया कि गांव अत्तेपुर के लोगों ने अवैध खनन में संलिप्त वाहनों को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब वाहन चालकों से कागजात मांगे तो वे नहीं दिखा सके। जिसके बाद पुलिस ने मौके से 6 चालकों को बिना नंबर प्लेट वाले भारी वाहनों और उनमें लदी अवैध खनन सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। क्रशर मालिक करवा रहे थे अवैध खनन जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप सिंह द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी कि हरियाल क्षेत्र में चल रहे क्रशर जिनमें सुरिंदर पठानिया का क्रशर, जंडवाल निवासी पंकज का क्रशर और बाबा बुड्ढा क्रशर शामिल हैं, अवैध खनन के कारोबार में संलिप्त हैं। पुलिस से बचने के लिए ट्रक और टिपर मालिकों ने वाहनों की असली सरकारी नंबर प्लेटें हटाकर फर्जी नंबर प्लेटें लगाई हुई थीं ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े 6 वाहन, 6 चालक गिरफ्तार सूचना के आधार पर जब पुलिस ने 6 वाहन बिना नंबर प्लेट के पकड़े। गिरफ्तार किए गए आरोपी चालकों की पहचान असलम खान निवासी जलाहड़, बागू हुसैन निवासी गांव सलाड़ी, राहुल निवासी गांव खन्नी, हिमाचल प्रदेश, तिलक राज निवासी गांव पंगोली, योगेश कुमार निवासी गांव हरल, हिमाचल प्रदेश, अवद खान निवासी गांव खन्नी, हिमाचल प्रदेश के तौर पर हुई। 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज; क्रशर मालिक फरार पुलिस ने सभी छह वाहनों और उनमें लदे माइनिंग मटेरियल को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। मामून कैंट पुलिस ने गिरफ्तार 6 चालकों के अलावा फरार क्रशर संचालक पंकज और सुरिंदर पठानिया सहित कुल 8 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं खान एवं खनिज अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लीगल तरीके से करें काम: एसडीओ खनन विभाग के एसडीओ गुरसिमरन सिंह ने कहा कि गलत कामों और अन-फॉलोड रूटों को छोड़कर सरकार की नीतियों के अनुसार कानूनी तरीके से अपना काम करें। सरकार की फीस कोई बहुत ज्यादा नहीं है। हमारे हर मुख्य प्वाइंट पर चेक पोस्ट बनी हुई हैं, इसलिए सही और निर्धारित रास्तों से ही सामग्री लाएं।

Spread the love