मंडी जिले के गोहर में जल शक्ति विभाग की बिल्डिंग और विद्युत मंडल कार्यालय के नजदीक एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही गोहर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 68 वर्षीय सूरत राम निवासी गोहरधार, बुराहटा, ग्राम पंचायत देलग टिकरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सूरत राम विद्युत विभाग से रिटायर्ड थे। परिजनों के अनुसार, वह पिछले दो दिनों से घर से लापता थे। उनकी तलाश भी की जा रही थी, लेकिन मंगलवार को उनका शव मिलने की सूचना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान उनके दोहते नरेंद्र वर्मा ने की। झाड़ियों के बीच गिरने की आशंका प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग झाड़ियों के बीच गिर गए होंगे। हालांकि, उनकी मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। गोहर थाना प्रभारी देवराज ठाकुर ने बताया कि शव मिलने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।