जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के तिन्दी क्षेत्र में सोमवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरी। इस दुखद हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। डीएसपी (DSP) केलांग केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है बेकाबू होने से नदी में गिरी पुलिस जिला मुख्यालय केलांग से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार शाम करीब 4 बजे हुआ। हरियाणा नंबर की एक i20 कार में सवार होकर 7 लोग तिन्दी गांव से शादी समारोह में शामिल होने के लिए सलग्रां गांव की ओर जा रहे थे। कार में सवार 6 लोग सलग्रां गांव और 1 व्यक्ति भुजुंड गांव का निवासी था। जैसे ही कार तिन्दी के समीप वीर मंदिर के पास एक मोड़ पर पहुंची, चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर गाड़ी गहरी ढांक से नीचे सीधे चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरी। पुलिस और प्रशासन ने शुरू किया राहत व बचाव कार्य हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तांदी, पुलिस थाना उदयपुर और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) उदयपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व कानूनी कार्रवाई के लिए सीएचसी उदयपुर भिजवा दिया गया है। मृतकों एवं घायलों की सूची: मृतकों की पहचान: शिव कुमार (पुत्र रूप सिंह) — निवासी सलग्रां अजय (पुत्र रूप सिंह) — निवासी सलग्रां कार्तिक (पुत्र जराम चंद) — निवासी सलग्रां घायलों की पहचान: रोहित (पुत्र मदन लाल) — निवासी सलग्रां, तहसील उदयपुर पुष्पेंद्र (चालक) (पुत्र अमर नाथ) — निवासी भुजुंड समीर (पुत्र राम किशन) — निवासी सलग्रां विवेक (पुत्र देवी सिंह) — निवासी सलग्रां

Spread the love