हिमाचल में कुल्लू जिले के आनी में एनएच-305 पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक ही गांव के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को प्राथमिक इलाज के बाद रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे। सभी एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे और एक ही गांव के आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हरिपुर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 350 मीटर गहरी खाई में गिर गई। यह हादसा सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे पेश आया। पुलिस को हादसे की सूचना रात 3 बजे के करीब मिली। इसके बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया
दुर्घटनाग्रस्त कार तक पहुंचने और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए करीब छह घंटे तक अभियान चलाया गया। राहत कार्य आज सुबह 9 बजे तक जारी रहा। चारों मृतक और घायल आनी ब्लॉक की कराणा पंचायत के जाबो गांव के रहने वाले थे। दरअसल, जाबो गांव की बेटी की बीते सोमवार को शिमला जिले के बड़ागांव में शादी हुई है। कार में सवार सभी लोग लड़की के साथ बड़ागांव गए थे और देर रात वापस लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए। घायल को रामपुर रेफर किया: SHO
SHO आनी हेतराम ने चार लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी लोग शादी समारोह से घर लौट रहे थे। कार में कुल पांच लोग सवार थे। आनी अस्पताल में आज चारों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद चारों शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। MLA और भाजपा मंडल अध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार भी भाजपा मंडल आनी अध्यक्ष वेद ठाकुर के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार किस वजह से अनियंत्रित होकर खाई में गिरी।