हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिन मानसून कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार- 12 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में हल्के बादल या धूप खिलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान इक्का-दुक्का स्थानों पर ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ज्यादातर जगह धूप खिलेगी। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री का उछाल आएगा। राज्य में 12 सितंबर तक किसी भी जिला में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। हिमाचल में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 9 फीसदी कम बारिश हुई है। अगले एक सप्ताह तक भी बारिश के आसार नहीं है। बारिश से 1242 करोड़ की संपत्ति तबाह प्रदेश में इस मानसून सीजन में बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से अब तक 1,242 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान हुआ है। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है। PWD की करीब 951 करोड़ रुपए की संपत्ति बारिश से तबाह हो चुकी है। 122 घर पूरी तरह जमींदोज राज्य में बारिश और लैंडस्लाइड से अब तक 122 मकान पूरी तरह जमींदोज हो चुके हैं, जबकि 494 मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। इसके अलावा 17 दुकानें, 6 लेबर शेड और 460 गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। मानसून में 274 लोगों की मौत प्रदेश में मानसून सीजन (1 जून से 6 सितंबर तक) के दौरान 274 लोगों की मौत हुई है। इनमें सबसे ज्यादा 164 मौतें सड़क हादसों में हुईं। इसके अलावा 18 लोगों की मौत लैंडस्लाइड, एक की फ्लैश फ्लड और 13 लोगों की पानी में डूबने से हुई है। बाकी मौतें अन्य कारणों से हुई हैं।