तिब्बतियों के सर्वोच्च आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा जल्द ही अपने अस्थायी निवास मैक्लोडगंज लौटेंगे। उनके आगमन से पहले कांगड़ा पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मैक्लोडगंज स्थित दलाई लामा के निवास स्थान का दौरा कर सुरक्षा का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी कुलभूषण वर्मा ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने जवानों को उनके कर्तव्यों, वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था और आवास संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने सुरक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। धर्मगुरु दलाई लामा वर्तमान में दिल्ली और लेह-लद्दाख की यात्रा पर हैं। अपने तय कार्यक्रमों के बाद, उनके अगस्त माह के आखिर में मैक्लोडगंज लौटने का कार्यक्रम है। उनके प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर पुलिस महकमा पहले से ही सुरक्षा तैयारियों को पुख्ता करने में जुटा है। सुरक्षा तैयारियों के बीच प्रशासन के सामने यातायात और रास्तों की एक बड़ी चुनौती है। इस मानसून सीजन में हुई भारी बारिश के कारण मैक्लोडगंज आने-जाने वाली दोनों मुख्य सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जगह-जगह भूस्खलन और सड़कों के धंसने से आवाजाही प्रभावित है। ऐसे में दलाई लामा के आगमन पर वीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित और सुचारू तरीके से संपन्न करवाना पुलिस और प्रशासन के लिए एक बड़ी परीक्षा होगी। प्रशासन को इन मार्गों की जल्द मरम्मत कर इन्हें सुचारू करने की दिशा में कदम उठाने होंगे।

Spread the love