पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने सुजानपुर में कांग्रेस, राहुल गांधी और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी विदेशी ताकतों के हाथ में खेल रही है। ठाकुर ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह विदेश जाकर देश की छवि खराब करते हैं और भारत के खिलाफ बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता यह सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के एथेनॉल से जुड़े वीडियो पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी बोलते हैं, अक्सर उपहास का पात्र बन जाते हैं, और इस बार भी ऐसा ही हुआ। ठाकुर ने बताया कि राहुल गांधी जिस गाड़ी का वीडियो साझा कर रहे हैं, उस पर स्पष्ट रूप से ‘E-20’ लिखा हुआ है। सरकार पर हमला बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल में सड़कों और विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए का बजट उपलब्ध कराया है, लेकिन सरकार सही ढंग से उपयोग नहीं कर रही है। पंचायती राज चुनावों में भाजपा ने कांग्रेस को आईना दिखाया पंचायती राज चुनावों का जिक्र करते हुए अनुराग ने कहा कि हिमाचल में हुए 5 पंचायती राज चुनावों में भाजपा ने कांग्रेस को आईना दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों को नकार रही है। भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों पर साधा निशाना भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज किए जा रहे मामलों को लेकर भी अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भाजपा नेताओं की आवाज दबाने के लिए लगातार मुकदमे दर्ज करवा रही है। ठाकुर ने कहा कि कितने भी मुकदमे दर्ज करवा लिए जाएं, भाजपा नेता डरने वाले नहीं हैं और जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक लगातार उठाते रहेंगे।

Spread the love