हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी ने आज (मंगलवार) शाम 7 बजे शिमला के होटल मरीना में विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इसमें विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार को घेरने और प्रदेशव्यापी जनआंदोलन की तारीखों का ऐलान होगा। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की जनता निराश हुई है। सरकार ने विकास और सुशासन के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध, भ्रष्टाचार और जनविरोधी निर्णयों को प्राथमिकता दी है। रणधीर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया है। भाजपा नेताओं, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ चुन-चुनकर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर भय का वातावरण बनाया जा रहा है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अत्यंत चिंताजनक है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के बजाय उसे संरक्षण दे रही सरकार: BJP रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के बजाय उसे संरक्षण देने में लगी हुई है। सरकारी भर्तियों, ठेकों, प्रशासनिक निर्णयों तथा विभिन्न विभागों में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगते रहे हैं, जबकि जनता से जुड़े मुद्दे पूरी तरह उपेक्षित हैं। विधायक दल मीटिंग में इन सभी विषयों पर विस्तृत के बाद आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे ये मुद्दे: शर्मा रणधीर ने कहा कि बैठक में प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, युवाओं के साथ हो रहे अन्याय, बेरोजगारी, कर्मचारियों की समस्याओं, किसानों-बागवानों की परेशानियों, बंद किए गए संस्थानों, बढ़ती महंगाई तथा कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। राजीव बिंदल विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे: रणधीर रणधीर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सहित पार्टी के सभी विधायक शामिल होंगे। राजीव बिंदल पहले ही कह चुके हैं कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ अगस्त में जनआंदोलन चलेगा। इस दौरान विधानसभा, जिला और राज्य स्तर पर धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। रथ यात्रा भी पहुंचेगी शोघी इसी बीच भाजपा की जनजागरण रथ यात्रा भी आज दोपहर तीन बजे शिमला के शोघी पहुंचेगी। पार्टी इसे आगामी आंदोलन से जोड़ते हुए जनता के बीच कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। बैठक में रथ यात्रा और प्रदेशव्यापी आंदोलन के समन्वय पर भी चर्चा होने की संभावना है।