हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की 2 दिवसीय संगठनात्मक मीटिंग आज (शनिवार को) से शिमला के राजीव भवन में होगी। 4 और 5 जुलाई तक चलने वाली इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, विभिन्न फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करने पर व्यापक मंथन किया जाएगा। इसमें कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल विशेष रूप से शामिल होंगी। उनके अलावा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश मामलों के सह-प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी भी मौजूद रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने बताया कि पहले आम सभा होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग से महत्वपूर्ण बैठक करेंगी। इस दौरान संगठनात्मक विषयों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा होगी। कल फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के साथ मीटिंग करेंगी पाटिल जिंटा ने बताया कि 5 जुलाई को भी राजीव भवन में विभिन्न प्रकोष्ठों और फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन की राज्य कार्यकारिणी की बैठकें आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे महिला कांग्रेस, 11:30 बजे किसान कांग्रेस, 12:30 बजे सेवादल, दोपहर 2 बजे एनएसयूआई, 3 बजे युवा कांग्रेस, 4 बजे अनुसूचित जाति विभाग और शाम 5 बजे प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की राज्य कार्यकारिणी के साथ रजनी पाटिल अलग-अलग बैठकें करेंगी। संगठन को मजबूत करने के मकसद से बुलाई मीटिंग विनोद जिंटा के अनुसार इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, विभिन्न मोर्चों एवं विभागों के कार्यों की समीक्षा करना, आपसी तालमेल बढ़ाना तथा भविष्य की राजनीतिक रणनीति तय करना है। बैठक को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Spread the love