हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली के गढ़खल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेंदुआ रिहायशी मकान में घुस गया। कुत्ते का शिकार करने आया तेंदुआ जीतराम के घर के बाथरूम में छिप गया। जीतराम की पत्नी ने सूझबूझ दिखाते हुए बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तेंदुए की सूचना वन विभाग के वन्यजीव (वाइल्ड लाइफ) विंग को दी। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैंक्विलाइज़र गन से तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया। कुत्ते के शिकार को आया था तेंदुआ बताया जा रहा है कि कसौली के ब्रूरी गांव में तेंदुआ सुबह के समय कुत्ते का शिकार करने आया था। शिकार का पीछा करते हुए वह बाथरूम में घुसकर छिप गया। इसी दौरान जीतराम की पत्नी बाथरूम में जाने लगीं। जैसे ही उनकी नजर तेंदुए पर पड़ी, वह घबराकर बाहर भागीं और तुरंत बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद तेंदुआ काफी देर तक शांत बैठा रहा। उसमे किसी प्रकार की छटपटाहट नजर नहीं आई। महिला को देख गुर्राया तेंदुआ महिला को देखकर तेंदुए ने गुर्राया जरूर, लेकिन उस पर हमला नहीं किया और न ही बाथरूम से बाहर निकलने की कोशिश की। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे उकसाने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें। रिहायशी इलाके में तेंदुए की दस्तक से दहशत घटना के बाद तेंदुए को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जीतराम के घर के बाहर एकत्र हो गए। रिहायशी इलाके में तेंदुए के घुसने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। बीते 24 जून को ही राजधानी के न्यू शिमला में कुत्ते को शिकार को तेंदुआ रिहायशी कॉलोनी में घुस गया था। यहां तेंदुए ने सड़क पर सो रहे कुत्ते पर अटैक किया और उसे उठाकर ले गया। हालांकि, भागने का रास्ता नहीं मिलने के बाद कुछ दूर पर उसने कुत्ते को छोड़ दिया था। मगर रिहायशी कॉलोनी में तेंदुए की दस्तक लोगों को डरा रही है।