हिमाचल प्रदेश में जून महीने में अब तक सामान्य से 29 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में 1 से 24 जून के बीच सामान्य तौर पर 71 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार अभी तक केवल 50.1 मिलीमीटर बादल बरसे हैं। वहीं, प्रदेश में मानसून की एंट्री को लेकर अभी कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं। मानसून अपने तय समय से करीब चार दिन पीछे चल रहा है। IMD के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में भी मानसून के हिमाचल पहुंचने की संभावना कम है। IMD ने अगले छह दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान 28 जून तक प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 29 और 30 जून को कई स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई है। इससे कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, सुंदरनगर में सबसे ज्यादा 30 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शिमला में 9.6 मिलीमीटर और सोलन में 12 मिलीमीटर बारिश हुई। पहाड़ों पर मौसम सुहावना हुआ पहाड़ी क्षेत्रों में हुई ताजा बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के असर से प्रदेश के कई शहरों के अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे देशभर से पहाड़ों पर पहुंच रहे टूरिस्ट सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे हैं। शिमला का पारा 4.3 डिग्री गिरा राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 4.3 डिग्री की गिरावट के बाद 21.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं, सोलन का तापमान 3.2 डिग्री कम होकर 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग ने लोगों को आगामी दिनों में बारिश और खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।