शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र में 77 वर्षीय महिला के ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में नेपाल मूल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया है। दरअसल, बीते 16 जून को रोहड़ू थाना में सूचना मिली कि शलाश डोगरी निवासी गीता देवी (77) अपने घर में मृत अवस्था में मिली हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई थी कि अज्ञात लोगों ने चोरी की नीयत से घर में घुसकर महिला की हत्या की है। इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में 17 जून को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से जैविक और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। महिला के शव का पोस्टमार्टम भी करवाया गया। पुलिस के मुताबिक, यह एक ब्लाइंड मर्डर केस था, क्योंकि घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं था। घर के आसपास सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता भी नहीं थी और चोरी हुई संपत्ति को लेकर भी कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला था। पुलिस ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। CCTV फुटेज और मोबाइल टावर डंप डाटा आरोपियों तक पहुंची पुलिस जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों, परिचितों और अन्य संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मोबाइल टावर डंप डाटा का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच में 3 संदिग्धों की गतिविधियां घटना के समय घटनास्थल के आसपास पाई गईं। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 जून को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल बहादुर उर्फ लालू (28), नवीन (19) और संतोष (20) निवासी के तौर पर हुई है। तीनों नेपाल के रहने वाले है और वर्तमान में शिमला जिला के रोहड़ू व टिक्कर क्षेत्र में सेब बगीचों में काम करते हैं। पुलिस ने डंडा भी बरामद किया पुलिस ने बताया कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की इस मामले में संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शिमला पुलिस ने दावा किया है कि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण और मानव स्रोतों की मदद से इस चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड मर्डर केस का कम समय में खुलासा किया गया है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।

Spread the love