हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर आज (23 जून) राजधानी शिमला में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रिज पर इंटरनेशनल प्रो बॉक्सिंग चैम्पियनशिप का आयोजन होगा, जिसमें भारत समेत पांच देशों के पेशेवर बॉक्सर हिस्सा लेंगे। चैम्पियनशिप का आयोजन वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। मुकाबले शाम 5 बजे से शुरू होंगे। प्रतियोगिता में भारत के बॉक्सर थाईलैंड, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका और ताजिकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबला करेंगे। लाइट वेट वर्ग में भारत की विनाक्षी का मुकाबला थाईलैंड की सासिथोर्न से होगा। मिडल वेट वर्ग में दीपक कटोच उज्बेकिस्तान के ओजदोबेक के खिलाफ उतरेंगे। वहीं सुपर बैंटम वेट में पूनम का सामना श्रीलंका की खिलाड़ी लोगानाथन काजिन्थिनी से होगा। इसके अलावा जितेंद्र और अमन भी अपने-अपने मुकाबलों में विदेशी खिलाड़ियों से भिड़ेंगे। वीरभद्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि आज जयंती के अवसर पर शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। राजीव भवन में पुष्पांजलि कार्यक्रम इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भी वीरभद्र सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेशभर में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित होगी PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि जयंती के मौके पर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के अलावा स्वास्थ्य शिविर और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। सरकारी अस्पतालों में भी सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में हिमाचल के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृति में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। वीरभद्र सिंह हिमाचल की राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। वह छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और करीब छह दशक तक सक्रिय राजनीति में रहे।