मंडी कांग्रेस पार्टी नेताओं ने कोटली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केक काटा और स्थानीय अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि राहुल गांधी करोड़ों युवाओं की धड़कन बन चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि देश का एक बड़ा वर्ग भविष्य में राहुल गांधी को नेतृत्व करते हुए देखना चाहता है। राहुल ने हर वर्ग की समस्याओं को करीब से समझा : चंपा चंपा ठाकुर ने बताया कि राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक पदयात्रा कर देश के हर वर्ग और राज्य की समस्याओं को करीब से समझा है। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में भी संसद में युवाओं की आवाज उठाई, जबकि केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री इस मुद्दे पर चुप रहे। चंपा ठाकुर ने कोटली कॉलेज बंद होने से विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाया गया है। कांग्रेस छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। कुन का तर पुल बनकर तैयार जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2023 की आपदा में बह गया कुन का तर पुल अब बनकर तैयार हो चुका है। यह पुल मंडी और जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ता है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह जल्द ही इस पुल का लोकार्पण करेंगे, जिससे हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Spread the love