शिमला जिले में रामपुर के ननखड़ी में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने ननखड़ी कॉलेज का विलय किए जाने के निर्णय के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा मंडल ननखड़ी के अध्यक्ष जिया लाल की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कॉलेज को पुनः बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारी ननखड़ी बाजार और कॉलेज परिसर के आसपास एकत्रित हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने सरकार के इस फैसले को क्षेत्र के छात्रों और अभिभावकों के हितों के खिलाफ बताया। प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, ननखड़ी कॉलेज क्षेत्र के दूरदराज ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। कॉलेज के विलय से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा और उन्हें दूरस्थ शिक्षण संस्थानों का रुख करना पड़ेगा। कांग्रेस सरकार का निर्णय शिक्षा विरोधी : जिया लाल भाजपा मंडलाध्यक्ष जिया लाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का यह निर्णय शिक्षा विरोधी है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ननखड़ी कॉलेज को पूर्व की भांति संचालित करने की अपील की। जिया लाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र यह निर्णय वापस नहीं लिया, तो भाजपा जनआंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में मौजूद अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी शिक्षा संस्थानों को मजबूत करने के बजाय उन्हें बंद या विलय करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार से ननखड़ी कॉलेज की बहाली कर छात्रों के हितों की रक्षा करने की मांग की। इस दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।