हिमाचल प्रदेश के ऊना विधानसभा क्षेत्र के मलाहत में बन रहे पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के निर्माण कार्य का हमीरपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। ऊना के विधायक सतपाल सत्ती भी निरीक्षण के समय उनके साथ मौजूद थे। अनुराग ठाकुर ने बताया कि पीजीआई सैटेलाइट सेंटर दिसंबर 2026 तक जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि परियोजना में 18 महीने से अधिक का विलंब हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके चालू होने से ऊना और आसपास के जिलों की जनता को लाभ मिलेगा, क्योंकि उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई, एम्स बिलासपुर या टांडा मेडिकल कॉलेज जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सभी स्वास्थ्य सुविधाएं यहीं उपलब्ध होंगी। 340 बेड की सुविधा होगी : अनुराग उन्होंने जानकारी दी कि इस सेंटर में 340 बेड की सुविधा होगी, जिसमें 40 आईसीयू वार्ड शामिल हैं। यहां कई विशिष्ट चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। पहले चरण में इस परियोजना पर 330 करोड़ रुपए खर्च होंगे। दूसरे चरण में मेडिकल कॉलेज बनने पर कुल लागत 550 करोड़ रुपए से अधिक हो जाएगी। ठाकुर ने ऊना में हुए अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जिले को ट्रिपल आईटी मिला है और गगरेट तथा चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों के लिए दो केंद्रीय विद्यालय स्वीकृत हुए हैं। बंगाणा में लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से केंद्रीय विद्यालय का भवन बनकर तैयार है, जबकि इससे पहले सलोह में भी केंद्रीय विद्यालय का भवन बनाया गया था। उन्होंने इन विकास कार्यों का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को दिया। पूर्व मंत्री बोले- कई प्रोजेक्ट पर हो रहा काम उन्होंने कहा कि 19 करोड़ से मलाहत में रेलवे अंडरपास बना है, जो आधुनिक है। इससे लोगों को आने जाने में दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अन्य विकास कार्यों की लंबी फेहरिस्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे बहुत प्रोजेक्ट पर काम चला है। टीएमसी के कांग्रेस पार्टी में विलय की अटकलों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस पर टीएमसी ही टिप्पणी कर सकती है। उन्होंने कहा कि टीएमसी में दीदी और वाइको की डिक्टेटरशिप थी। टीएमसी में लोकतंत्र नहीं था। जैसे ही टीएमसी के सांसदों और विधायकों को मौका मिला, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार वाली पार्टियों के साथ भविष्य में ऐसा ही होने वाला है। पंजाब में डबल इंजन सरकार की जरुरत अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंजाब को डबल इंजन सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंजाब अब उम्मीद के साथ भाजपा की तरफ देख रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और पंजाब में भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से पंजाब में जो सरकारें आई, जिन्होंने बड़े बड़े वायदे करके सत्ता हासिल की। लेकिन कुछ नहीं किया। उन्होंने पंजाब को उल्टे गैंगस्टर, ड्रग्स और कर्ज में डुबो दिया है।