पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार के इशारे पर कुछ अधिकारी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे नियम-कानून और अपनी मर्यादाओं के दायरे में रहकर काम करें तथा जनमत का सम्मान करें। बुधवार को थुनाग में सराज विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए जयराम ठाकुर ने उन्हें जीत की बधाई दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता के विश्वास पर खरा उतरने और विकास तथा जनसेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित पंचायतों से ही विकसित विधानसभा क्षेत्र का सपना साकार होगा। इस दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के आक्रोश और भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने दावा किया कि इन परिणामों से स्पष्ट है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से निराश है। नेता प्रतिपक्ष बोले- जनप्रतिनिधियों को प्रशासनिक दबाव से प्रभावित किया जा रहा नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को प्रशासनिक दबाव के माध्यम से प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि राजनीतिक दबाव में काम करना उनके लिए उचित नहीं होगा। अधिकारियों को निष्पक्ष रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर चुनावी परिणामों से बौखलाने और अपनी राजनीतिक असफलता छिपाने के लिए भ्रामक आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को समर्थन मिलेगा। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से किसी भी दबाव या धमकी से न डरने और निडर होकर जनता की सेवा करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा उनके साथ मजबूती से खड़ी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायत और निकाय चुनाव केवल “सेमीफाइनल” थे, जबकि विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

Spread the love