हिमाचल सरकार ने 1993 बैच के IAS एवं एडिश्नल चीफ सेक्रेटरी (ACS) कमलेश कुमार पंत को राज्य की अफसरशाही का नया मुखिया नियुक्त किया है। पंत को चीफ सेक्रेटरी का एडिश्नल चार्ज सौंपा गया है। सेक्रेटरी कार्मिक विभाग एम सुधा देवी ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिए है। केके पंत अभी तक फॉरेस्ट, होम और विजिलेंस डिपार्टमेंट देख रहे थे। सरकार ने पूर्व मुख्य सचिव संजय गुप्ता की रिटायरमेंट के बाद उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संजय गुप्ता 30 मई को ही रिटायर हुए हैं। राज्य के IAS ने उन्हें शनिवार पहले सचिवालय में विदाई पार्टी दी और शाम को होटल होली डे होम में डिनर दिया। इसके बाद सरकार ने आज नए मुखिया को लेकर आदेश जारी किए। केके पंत डीसी कांगड़ा भी रह चुके हैं। उन्होंने लंबे समय तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी सेवाएं दी। राज्य में भी विभिन्न विभागों में काम किया। रेगुलर चीफ सेक्रेटरी नहीं बनाया पूर्व मुख्य सचिव संजय गुप्ता को भी अक्टूबर 2025 में कार्यवाहक चीफ सेक्रेटरी लगाया था। उन्हें रिटायरमेंट से पांच दिन पहले रेगुलर चीफ सेक्रेटरी बनाया गया था। राज्य में मौजूदा समय में पुलिस महानिदेशक (DGP) भी कार्यवाहक है। विपक्ष इसे लेकर बार बार सरकार पर निशाना साधता रहा है। फिर भी सरकार ने नए चीफ सेक्रेटरी को कार्यवाहक बनाया है। उत्तराखंड के रहने वाले हैं पंत ACS केके पंत मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं। हिमाचल में IAS की सीनियोरिटी लिस्ट में संजय गुप्ता के बाद वह दूसरे नंबर पर थे। गुप्ता की रिटायरमेंट के बाद अब वह पहले नंबर पर आ गए हैं। केके पंत की नियुक्ति के आदेशों के बाद अधिकारी उन्हें बधाई देने सचिवालय पहुंच रहे हैं। पैनल में थे ये नाम केके पंत के बाद सीनियोरिटी में नंबर दो पर 1994 बैच की IAS अनुराधा ठाकुर, तीसरे नंबर पर ACS एवं 1994 बैच के IAS ओंकार शर्मा, चौथे नंबर पर 1995 बैच के भरत हरबंसलाल खेड़ा और पांचवें नंबर पर 1995 बैच के IAS एवं ACS रावथेर दाउद नज़ीम है। इन सभी के नाम चीफ सेक्रेटरी के पैनल में शामिल थे। इनमें से अनुराधा ठाकुर और भरत हरबंसलाल खेडा दोनों केंद्रीय प्रति नियुक्ति पर चल रहे हैं। बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल संभावित केके पंत की ताजपोशी के बाद राज्य में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिलेगा। अब तक जो विभाग पंत देख रहे थे उन्हें दूसरे अधिकारियों को सौंपा जा सकता है। अगले कुछ दिन में आरडी नजीम भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं।

Spread the love