हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में घूमने गए बेंगलुरु के 2 परिवारों की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर एक अर्टिगा कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 2 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छत्तीसगढ़ के भिलाई के एक परिवार के 4 लोग शामिल है। भिलाई में मृतकों के परिवार से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया। दंपती अपने बच्चों के साथ बेंगलुरु में रहते थे, वहीं जॉब कर रहे थे। यह सभी पर्यटक बेंगलुरु से हिमाचल प्रदेश घूमने आए थे और बर्फबारी का आनंद लेने साच पास जा रहे थे। देखिए हादसे की ये तस्वीरें- जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, हादसा चंबा जिले के चुराह उपमंडल के कालावन क्षेत्र के पास शुक्रवार रात को हुआ है। दोनों परिवारों ने डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी और साच पास इलाके में बर्फ और प्राकृतिक सौंदर्य देखने के लिए रवाना हुए थे। देर रात कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। खाई की गहराई ज्यादा होने के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचने का मौका नहीं मिला। कार में कुल 8 लोग सवार थे पुलिस के अनुसार लोगों की पहचान ड्राइवर विश्वास सल्होता निवासी बस्ती ज्वाला, बनीखेत (चंबा), अरविंद चंद्राकर निवासी कडुगोड़ी, बेंगलुरु, उनकी पत्नी प्राची, बेटे दर्श और अक्षद, पी.जी. कार्तिघायन निवासी व्हाइट फील्ड, कर्नाटक, उनकी पत्नी मनीमाला और बेटे नंदन के रूप में हुई है। GPS लोकेशन से हुआ हादसे का खुलासा जब टैक्सी देर रात तक डलहौजी नहीं लौटी तो वाहन मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। उसने वाहन की जीपीएस लोकेशन जांची, जो कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दे रही थी। काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं मिलने पर स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई। शनिवार दोपहर वाहन के खाई में गिरने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। दुर्गम क्षेत्र होने से रेस्क्यू में आई दिक्कत दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम इलाके में होने के कारण राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ। खड़ी पहाड़ियां, गहरी खाई, पथरीला रास्ता और खराब मौसम के चलते शनिवार को शवों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। इसके अलावा क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से बचाव दल और प्रशासन के बीच समन्वय बनाने में भी परेशानी हुई। ह्यूमन चेन बनाकर निकाले गए शव रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। खाई की गहराई को देखते हुए लोगों ने ह्यूमन चेन बनाई और रस्सियों की मदद से एक-एक कर शवों को ऊपर सड़क तक पहुंचाया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद सभी 8 शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रशासन मृतकों के परिजनों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। भिलाई के परिवार के होने की जानकारी शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में भिलाई के अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी पिंकी चंद्राकर, उनके बच्चे और परिवार के सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। परिवार लंबे समय से बेंगलुरु में रहकर नौकरी कर रहा था। दुर्ग पुलिस को भी दी गई सूचना हिमाचल पुलिस ने हादसे की जानकारी दुर्ग पुलिस को भी दी है। इसके बाद शनिवार रात दुर्ग पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर ड्राइवर को झपकी आने, सड़क पर फिसलन, तेज रफ्तार या वाहन में तकनीकी खराबी जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। …………………… हादसे की ये खबर भी पढ़िए… अंबिकापुर में स्कॉर्पियो ने 4 महिलाओं को कुचला, 3 मौतें: सब्जी लेकर लौट रही थी, भीड़ ने ड्राइवर को पीटा, डेढ़ घंटे हाईवे जाम रहा छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने 4 महिलाओं को कुचल दिया, हादसे में 3 महिलाओं की जान चली गई। हादसा रविवार शाम NH130 स्थित भिट्ठीकला में हुआ है। महिलाएं सब्जी खरीदकर बाजार से लौट रही थी, तभी अचानक सामने से आई बेकाबू स्कॉर्पियो उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गई। पढ़ें पूरी खबर