हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण के चुनाव के लिए आज सुबह सात बजे वोटिंग होगी। दोपहर तीन बजे वोटिंग खत्म होने के बाद प्रधान, उप प्रधान और वार्ड मेंबर की काउंटिंग शुरू होगी, जबकि बीडीसी और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को की जाएगी। राज्य की 1189 पंचायतों में आज 15 लाख 40 हजार 324 वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 7 लाख 76 हजार 802 पुरुष, 7 लाख 63 हजार 517 महिला और 5 अन्य मतदाता शामिल हैं। कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा 3 लाख 70 हजार 630 मतदाता हैं, जबकि लाहौल स्पीति में सबसे कम 6 हजार 444 वोटर है। जिलावार आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में 87 हजार 069, चंबा में 1 लाख 08 हजार 232, हमीरपुर में 1 लाख 14 हजार 247, किन्नौर में 17 हजार 043, कुल्लू में 99 हजार 607, मंडी में 2 लाख 43 हजार 452, शिमला में 1 लाख 53 हजार 863, सिरमौर में 1 लाख 16 हजार 379, सोलन में 1लाख 07 हजार 646 और ऊना जिले में 1 लाख 15 हजार 712 वोटर है। तीन चरणों में 3754 प्रधान चुने जाएंगे राज्य में तीसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 6 हजार 615 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य की 3754 पंचायतों में चुनाव संपन्न हो जाएंगे। राज्य में 3754 प्रधान, 3754 उप प्रधान, 21 हजार 654 वार्ड मेंबर, 251 जिला परिषद और 1769 बीडीसी चुने जाएंगे। जिला परिषद और 4 नगर निगमों की काउंटिंग कल राज्य की पंचायतों में आज वोटिंग खत्म होने के बाद कल जिला परिषद, बीडीसी और चार नगर निगमों (सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला) की मतगणना होगी। नगर निगम के मतों की गिनती संबंधित नगर निगम मुख्यालयों में होगी, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना संबंधित ब्लॉक मुख्यालय में की जाएगी।

Spread the love