कांगड़ा के यात्री सदन में मंगलवार से कांग्रेस जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप शुरू हो रहा है। इसमें हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर राज्यों के 80 जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव ने मंगलवार दोपहर दो बजे कैंप का शुभारंभ करेंगे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी आखिरी दो दिनों के दौरान इस शिविर में शामिल हो सकते हैं, हालांकि उनके आने की तारीख अभी तय नहीं हुई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी कैंप के पहले दिन उपस्थित रहने की संभावना है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कैंप में पहुंचे मुख्यमंत्री सोमवार शाम को ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे और मंगलवार को ज्वालाजी से फतेहपुर के लिए रवाना होंगे। शिविर को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू कांगड़ा पहुंच चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय सिंह भी पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए दिशा-निर्देश दे रहे हैं। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग भी पहुंचे सुनील शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान रोजाना पार्टी के नेता और संगठन के वरिष्ठ राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी जिलाध्यक्षों को संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और विपक्षी दलों के दुष्प्रचार का सामना करने के तरीके बताएंगे। जम्मू-कश्मीर और पंजाब कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग भी कांगड़ा पहुंच चुके हैं। शहर का गुप्त गंगा क्षेत्र कांग्रेस के झंडों से सजा हुआ है, जो शिविर के माहौल को दर्शाता है।