ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र में संदीप अग्निहोत्री को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। इसी कारण उन्हें हरोली ब्लॉक कांग्रेस की कमान सौंपी गई है। संदीप अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के करीबी माने जाते हैं। उन्हें संगठन के दांवपेच की भी जानकारी है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने यह जिम्मेदारी दी है। संदीप अग्निहोत्री पालकवाह पंचायत के प्रधान भी रह चुके हैं। अपनी नियुक्ति के बाद शनिवार को नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि संदीप अग्निहोत्री की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुकेश अग्निहोत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और अधिक मजबूत होकर नई ऊंचाइयों को छुएगी। कुटलैहड़ के नवनियुक्त अध्यक्ष विधायक से मिले इसी बीच, ब्लॉक कांग्रेस कुटलैहड़ के नवनियुक्त अध्यक्ष विवेक मिंका ने भी आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विधायक विवेक शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की बात कही। रैंसरी गांव से संबंध रखने वाले विवेक मिंका भी कांग्रेस पार्टी से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वे जिला कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं और संगठन की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं। विवेक मिंका को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विवेक शर्मा का करीबी माना जाता है।