हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक अहम बैठक कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, शिमला में होने जा रही है, जिसमें चुनावी रणनीति पर मंथन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। इस दौरान पार्टी आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप देगी। इस बैठक में नगर निगम चुनावों पर ज्यादा फोकस रहने वाला है, चूंकि नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़े जाते हैं, इसलिए कांग्रेस इन चुनावों को गंभीरता से लेते हुए जीत सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति तैयार करेगी। शिमला को छोड़कर धर्मशाला, पालमपुर, मंडी, सोलन, हमीरपुर और ऊना नगर निगम के चुनाव पंचायतों के साथ ही होंगे। ऐसे में सुक्खू सरकार के लिए ये चुनाव कड़ी परीक्षा साबित होने वाले हैं। जिला परिषद चुनाव पर कांग्रेस का फोकस इसके अलावा नगर परिषद, नगर पंचायत और पंचायत स्तर के चुनावों को लेकर भी आज की बैठक में चर्चा होगी। पंचायतों में जिला परिषद चुनाव कांग्रेस की प्राथमिकता में है, क्योंकि यह एक बड़ा चुनाव होता है। सत्तारूढ़ कांग्रेस चाहेगी कि ज्यादा से ज्यादा जिला परिषद सदस्य उनके चुने जाएँ, ताकि बाद में जिला परिषद चेयरमैन भी कांग्रेस समर्थित बनाया जा सके। संगठन और मजबूती को लेकर मंथन: विनय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि आज की बैठक में पंचायत और नगर निकाय चुनाव के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर भी चर्चा होगी। पार्टी नेताओं को इसकी जिम्मेदारी दी जाएगी। शिमला-किन्नौर जिला अध्यक्ष पर चर्चा कांग्रेस में गुटबाजी के कारण 16 महीने बाद भी शिमला ग्रामीण और किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तय नहीं हो पाया है। हालांकि अन्य जिलों में दो महीने पहले जिला अध्यक्षों की तैनाती कर दी गई है। विनय कुमार ने बताया कि आज की बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा होगी और जल्द ही जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के प्रयास किए जाएंगे।