हिमाचल प्रदेश में मौसम को लेकर राहत भरी खबर है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- 13 से 15 अप्रैल तक मौसम पूरी तरह साफ बना रहेगा। इस दौरान अच्छी धूप खिलने के आसार हैं, जिससे तापमान में हल्का उछाल भी देखने को मिलेगा। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी, क्योंकि 16 अप्रैल से एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते 18 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। अप्रैल में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज
प्रदेश में इस बार अप्रैल महीने में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है। IMD के मुताबिक- 1 से 12 अप्रैल के बीच जहां सामान्य तौर पर 25.4 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस बार अब तक 58 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य से 128 फीसदी अधिक है। ऊना में 307 फीसदी अधिक वर्षा हो चुकी
जिलावार आंकड़े देखें तो बिलासपुर में सामान्य से 851 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। सोलन में 562 फीसदी, सिरमौर में 424 फीसदी, शिमला में 329 फीसदी, मंडी में 324 फीसदी और ऊना में 307 फीसदी अधिक वर्षा हो चुकी है। पहाड़ों पर अप्रैल में भी ठंड
लगातार हो रही बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अभी भी सुबह-शाम ठंड का एहसास हो रहा है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम और अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से 7 डिग्री तक नीचे बना हुआ है। चंबा का पारा सामान्य से 7.2 डिग्री कम
चंबा में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है, जहां यह सामान्य से 7.2 डिग्री कम होकर 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। शिमला में अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री, सुंदरनगर में 28.5 डिग्री, भुंतर में 26.5 डिग्री, कल्पा में 16.8 डिग्री और धर्मशाला में 26.0 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा ऊना में 31.2 डिग्री, नाहन में 26.4 डिग्री, सोलन में 25.5 डिग्री, कांगड़ा में 27.8 डिग्री और मंडी में 27.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सभी जगहों पर सामान्य से कम है। मौसम में इस उतार-चढ़ाव के चलते लोगों को अभी कुछ दिन और ठंड और बदलते मौसम का सामना करना पड़ेगा।

Spread the love