हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को भाजपा पर सीधा पलटवार किया है। रविवार को ऊना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया कि वे केवल सोशल मीडिया पर ही हिम्मत दिखाते हैं, जबकि प्रधानमंत्री से हिमाचल के हितों पर बात करने की उनमें हिम्मत नहीं है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि भाजपा झूठ बेचकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में माहिर है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश का कोई भाजपा नेता प्रधानमंत्री से इकट्ठा मिला हो। उन्होंने दावा किया कि हम उनसे अधिक धन केंद्र से लेकर आते है। इन्फ्लुएंसर्स सरकार को कर रहे बदनाम सुक्खू ने भाजपा से यह भी पूछा कि वह हिमाचल विरोधी क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने कार्यालयों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को कांग्रेस सरकार को बदनाम करने और कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने के लिए दुष्प्रचार करने हेतु रखा है।
40 महीने के कार्यकाल का किया जिक्र मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के 40 महीने के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हिमाचल की जनता की सेवा की है और भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद किए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी उनकी सरकार पर उंगली नहीं उठा सकता, क्योंकि वे जनता की सेवा कर रहे हैं, जबकि भाजपा सोशल मीडिया के सहारे सत्ता हथियाना चाहती है। आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा हिमाचल उन्होंने बताया कि उनकी सरकार के ‘व्यवस्था परिवर्तन’ से हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को 7 प्रतिशत डीए देने, 70 वर्ष से ऊपर के लोगों का एरियर पूरा करने और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का 70 प्रतिशत एरियर देने का उल्लेख किया। शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने घोषणा की कि सीबीएसई स्कूलों में दो-तीन महीने में सभी स्ट्रीम के शिक्षकों की नियुक्ति कर दी जाएगी। भाजपा की आंतरिक स्थिति पर भी की टिप्पणी सुक्खू ने भाजपा की आंतरिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है और एक गुट जयराम ठाकुर को हटाना चाहता है। उन्होंने ऐसी स्थिति पहली बार देखी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे हिमाचल हित के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने जाते हैं।