हिमाचल प्रदेश में आज (रविवार को) मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में 16 अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, आज ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 से 15 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम सामान्य रूप से साफ रहेगा। इस अवधि में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। 16 से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना 16 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी फिर से हो सकती है। 17 अप्रैल को यह पश्चिमी विक्षोभ और मजबूत होगा, जिसके कारण मध्य पर्वतीय और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके बाद मौसम के एक बार फिर साफ होने का अनुमान है। तापमान में हो सकती है बढ़ोतरी बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे कई स्थानों पर यह सामान्य से नीचे चला गया था। अब मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। दिन के समय मौसम साफ रहने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम को हल्की ठंड बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने बदलते मौसम के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।