मंडी जिले के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सुंदरनगर के खिलड़ा स्थित ड्रीम्ज़ कॉलेज ऑफ फार्मेसी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया और विपक्ष पर भी निशाना साधा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अक्सर यह सवाल उठाया जाता है कि कांग्रेस ने वर्षों में क्या किया। उन्होंने ऐसे सवाल उठाने वालों को इतिहास पर गौर करने की सलाह दी। मंत्री ने मंडी के पंडोह डैम जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स का उदाहरण दिया, जिन्हें कांग्रेस सरकारों की देन बताया और कहा कि ये आज भी प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जवाहरलाल नेहरू की तारीफ की विक्रमादित्य सिंह ने आगे कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में इसरो, एम्स और आईआईटी जैसे संस्थानों की नींव रखी गई। इन संस्थानों की बदौलत ही आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना पाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल सवाल उठाने से हकीकत नहीं बदलती, बल्कि विकास के लिए ठोस कार्य करने पड़ते हैं। मंत्री ने युवाओं को किया संबोधित मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत ही प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन को एक बड़ी चुनौती बताया और कहा कि बदलते मौसम का असर पहाड़ी क्षेत्रों पर स्पष्ट दिख रहा है। ऐसे में विकास के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का अपनाने पर दिया जोर विक्रमादित्य सिंह ने यह भी उल्लेख किया कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर आधारित है, इसलिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकों को अपनाकर प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी दी कि लोक निर्माण विभाग ने आईआईटी रोपड़ के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य वैज्ञानिक तरीके से किए जा सकेंगे। कार्यक्रम में छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।