हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के नेरवा क्षेत्र में एक समुदाय के कुछ लोगों पर सड़क पर बैठकर नमाज़ पढ़ने के आरोप हैं। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि दूसरे समुदाय के कुछ युवक सड़क पर नमाज़ अदा करने पर आपत्ति जताते हैं। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ समय बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत किया। यह वीडियो गुरुवार दोपहर बाद का बताया जा रहा है। सड़क पर नमाज़ पढ़ने पर आपत्ति जताने वाले लड़के सिरमौर जिला के शिलाई क्षेत्र के हैं। यह पूरी घटना शिमला और सिरमौर जिला बॉर्डर से सटे नेरवा क्षेत्र की है। ट्रैफिक जाम से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समुदाय विशेष के लोगों द्वारा सड़क पर नमाज़ पढ़ने से ट्रैफिक जाम भी लग गया। इससे सड़क से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। भारत माता की जय के नारे लगाए वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग ‘भारत माता की जय’ के नारे लगा रहे हैं। वायरल वीडियो में समुदाय विशेष के 15 से अधिक लोग दिखाई दे रहे हैं और दूसरे समुदाय के युवक सड़क पर नमाज़ पढ़ने के मामले में उचित कार्रवाई की मांग भी उठा रहे हैं। पुलिस इस मामले में नजर बनाए हुए है SP शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोगों ने पहले आपत्ति जताई थी, लेकिन बाद में किसी ने भी लिखित में शिकायत नहीं दी। क्या कहता है कानून भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत हर व्यक्ति को धर्म मानने और उसका पालन करने की स्वतंत्रता है, लेकिन यह स्वतंत्रता पब्लिक ऑर्डर, सेफ्टी और लॉ एंड ऑर्डर के अधीन होती है। सार्वजनिक सड़क पर बिना अनुमति नमाज़ पढ़ना कानूनी रूप से सही नहीं माना जाता, क्योंकि इससे ट्रैफिक बाधित होता है और आम लोगों के अधिकार प्रभावित होते हैं।

Spread the love