हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर प्रस्तावित ₹5 सेस और एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी 8 से 11 अप्रैल तक प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में धरना-प्रदर्शन करेगी। डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल पर सेस और पहले से लागू वैट के जरिए जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से आम आदमी, व्यापारी, टैक्सी ऑपरेटर, बस मालिक और ट्रक यूनियन सभी प्रभावित हुए हैं। एंट्री टैक्स के नाम पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाला: बिंदल बिंदल ने एंट्री टैक्स को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि छोटी-बड़ी गाड़ियों पर एंट्री टैक्स के नाम पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है, जिसका विरोध पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी हो रहा है। इसके चलते हिमाचल के व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों पर बाहरी दबाव बढ़ रहा है और उनके रोजगार पर असर पड़ रहा है। सेस-एंट्री टैक्स वापस नहीं लिया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे: राजीव राजीव बिंदल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर लगाया गया सेस और एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी वापस नहीं ली, तो भाजपा प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी महंगाई के इस मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी है और सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी। स्टांप ड्यूटी, राशन और सीमेंट महंगा करने का आरोप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर स्टांप ड्यूटी, राशन और सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में आर्थिक अस्थिरता का माहौल बन रहा है। केंद्रीय सहायता का स्वागत किया वहीं, डॉ. बिंदल ने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को दी गई ₹3,920 करोड़ की विशेष आर्थिक सहायता का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इस सहायता से प्रदेश के विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का बजट 58 हजार करोड़ रुपये से घटकर 54 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गया था, लेकिन केंद्र से मिली इस विशेष सहायता के बाद बजट दोबारा 58 हजार करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंचा है। बिंदल ने कहा कि यह आर्थिक सहयोग प्रदेश के रुके हुए विकास को फिर से पटरी पर लाने में सहायक होगा और भाजपा हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।