हिमाचल प्रदेश सरकार ने रिटायर्ड कर्नल मनीष कुमार (धीमान) को हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम, हमीरपुर का चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया है। देहरा उपमंडल के सनोट गांव से संबंध रखने वाले कर्नल धीमान की इस नियुक्ति से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। कर्नल मनीष धीमान ने भारतीय सेना में लंबे समय तक सेवा दी है। अपने सैन्य करियर के दौरान, उन्होंने जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में कई आतंकवादी गतिविधियों को विफल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें उनकी रणनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता और साहस के लिए एक सक्षम अधिकारी के रूप में जाना जाता है। चिंतपूर्णी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का भी संभाल चुके हैं जिम्मा सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने समाज सेवा जारी रखी। वे प्रतिष्ठित मीडिया मंचों पर रक्षा विशेषज्ञ के रूप में भी दिखाई देते रहे हैं। उन्होंने माता चिंतपूर्णी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा भी संभाला और अपनी कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया। कर्नल मनीष धीमान देहरा में कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (CSD) के मैनेजर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति उनका समर्पण हमेशा देखा गया है, और वे उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे हैं। नियुक्ति पर मुख्यमंत्री सुक्खू और विधायक कमलेश ठाकुर का जताया आभार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से निगम और अधिक सशक्त बनेगा। अपनी नियुक्ति पर कर्नल मनीष धीमान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता पूर्व सैनिकों के कल्याण को सुनिश्चित करना होगा।