हिमाचल प्रदेश के नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता आज शिमला पहुंच जाएंगे। कल सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर हिमाचल के चीफ जस्टिस गुरमीत सिंह संधावालिया पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राज्यपाल का शपथ ग्रहण समारोह शिमला स्थित लोकभवन में होगा। कविंद्र गुप्ता राज्य के 30वें राज्यपाल होंगे। पूर्व गवर्नर शिव प्रताप शुक्ल की विदाई के साथ ही लोकभवन में नए राज्यपाल के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आज शाम 6 बजकर 30 मिनट पर लोकभवन में उनका स्वागत होगा। इसके लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, कैबिनेट मंत्री, ब्यूरोक्रेट, सेना, पुलिस के सीनियर ऑफिसर और भाजपा नेता भी उपस्थित रहेंगे। केंद्र सरकार ने शुक्रवार देर रात ही शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना और कविंद्र गुप्ता को हिमाचल का गवर्नर लगाया है। कविंद्र गुप्ता लद्दाख के राज्यपाल रहे हैं। उन्होंने पिछले साल 18 जुलाई को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के तीसरे उप राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने करीब 9 महीने तक इस पद सेवाएं दी और बीते कल अपने पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश के गवर्नर की जिम्मेदारी दी गई है। 13 महीने जेल में रह चुके कविंद्र गुप्ता जम्मू के जानीपुर निवासी 66 वर्षीय कुलविंद्र गुप्ता इमरजेंसी के दौरान 13 महीने जेल में रह चुके हैं। RSS से उनका गहरा नाता रहा है। वह, मात्र 13 साल की उम्र में RSS से जुड़े। कविंद्र गुप्ता निरंतर 3 बार जम्मू के महापौर भी रह चुके हैं। उन्होंने BJP की राज्य इकाई के महासचिव के तौर पर भी काम किया था। इसके अलावा 1993 से 1998 तक वह लगातार दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष भी रहे। कविंद्र गुप्ता साल 2014 के विधानसभा चुनाव में गांधी नगर सीट से पहली बार MLA चुने गए थे। इसके बाद, उन्हें विधानसभा स्पीकर चुना गया। उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत विश्व हिंदू परिषद के सेक्रेटरी के तौर पर काम करते हुए हुई थी।

Spread the love