हिमाचल प्रदेश में कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) एक्टिव होने के आसार हैं। इसका असर 11 मार्च तक नजर आएगा। सात मार्च को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ही हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। आठ को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 9 से 11 मार्च तक फिर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। खासकर 11 मार्च को पूरे प्रदेश में बादल बरसेंगे। इस दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात और अन्य भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। बारिश-बर्फबारी के बाद गर्मी से राहत मिलेगी। बीते 24 घंटे के दौरान तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 9.8 डिग्री ज्यादा और न्यूनतम तापमान भी नॉर्मल से 4.8 डिग्री अधिक हो गया है। किन्नौर के कल्पा का अधिकतम तापमान सामान्य से 14.8 डिग्री ज्यादा के उछाल के बाद 24 डिग्री सेल्सियस हो गया है। मार्च महीने में आज तक का यह दूसरा सर्वाधिक टैम्परेचर है। इससे पहले 20 मार्च 2010 को रिकॉर्ड टैम्परेचर 24.4 डिग्री था। मनाली में मार्च का दूसरा सर्वाधिक टैम्परेचर शिमला का तापमान भी सामान्य से 10.0 डिग्री के उछाल के बाद 25.2 डिग्री पहुंच गया है। शिमला में मार्च का रिकॉर्ड टैम्परेचर 27.2 डिग्री है, लेकिन यह 27 मार्च 2004 का है। मार्च के पहले सप्ताह में इतना तापमान कभी नहीं गया। मनाली का तापमान भी 10.8 डिग्री के उछाल के बाद 25.2 डिग्री पहुंच गया है। मनाली में मार्च का आज तक रिकॉर्ड टैम्परेचर 17 व 22 मार्च 2022 को 27.5 डिग्री था। यानी आज मनाली में मार्च का दूसरा सर्वाधिक टैम्परेचर पहुंच गया है। कांगड़ा का पारा सामान्य से 11.1 डिग्री ज्यादा कांगड़ा का तापमान भी 11.1 डिग्री ज्यादा के साथ 33.0 डिग्री हो गया। कांगड़ा का मार्च का रिकॉर्ड टैम्परेचर 30 मार्च 2022 को 34.8 डिग्री था। प्रदेश के 8 शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। आमूमन मार्च के पहले सप्ताह में पहाड़ों पर मौसम ठंडा रहता था, लेकिन इस बार अप्रैल जैसी गर्मी अभी से पड़नी शुरू हो गई है। हमीरपुर के नेरी का मैक्सिमम टैम्परेचर 34.5 डिग्री हो गया है। शिमला में दिन जितना हुआ रात का तापमान शिमला में रात का पारा भी 9.3 डिग्री के उछाल के बाद 15.4 डिग्री सेल्सियस हो गया है। यानी 5 मार्च को जितना तापमान दिन को होता है, उतना तापमान रात को हो गया है। कल्पा का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 8.4 डिग्री ज्यादा के साथ 7.2 डिग्री, पालमपुर का पारा 7.0 डिग्री ज्यादा के साथ 15.0 डिग्री, मनाली का 6.0 डिग्री उछाल के साथ 7.8 डिग्री और सोलन का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 6.5 डिग्री ज्यादा के साथ 13.2 डिग्री सेल्सियस हो गया है।