मंडी जिले में जलने से गंभीर रूप से घायल एक महिला की चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109, 85, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने जानकारी दी कि यह घटना 12 फरवरी, 2026 को थाना सदर मंडी क्षेत्र में हुई थी। घायल महिला की पहचान नीलम ठाकुर के रूप में हुई थी। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटली, फिर जोनल अस्पताल मंडी और नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। बेहतर इलाज के लिए बाद में उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था। महिला का पति गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए महिला के पति ठाकर दास को गिरफ्तार किया था। जो ठाकर दास गांव सपलोह, डाकघर उपरली सुराड़ी, तहसील कोटली, जिला मंडी (हि.प्र.) का निवासी है। घटना की सूचना मिलते ही आरएफएसएल टीम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मंडी ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे। घटना के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया 14 फरवरी, 2026 को पीड़िता नीलम ठाकुर का बयान न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, कोर्ट संख्या 24, चंडीगढ़ द्वारा दर्ज किया गया था। उस समय वह चिकित्सकीय रूप से बयान देने में सक्षम थीं। अपने बयान में, पीड़िता ने इस घटना के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया था। इलाज के दौरान हुआ निधन आज पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान नीलम ठाकुर का निधन हो गया। मृतका का पोस्टमार्टम पीजीआई चंडीगढ़ में नियमानुसार करवाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन और निष्पक्ष जांच जारी है, और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love