हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य में कहीं भी वर्षा या हिमपात दर्ज नहीं किया गया। प्रदेश में तापमान में उछाल दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा हो गए है। आज (14 फरवरी को) प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। खासकर बिलासपुर जिले के भाखड़ा डैम क्षेत्र और मंडी जिले की बल्ह घाटी में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मैदानी क्षेत्रों में साफ रहेगा मौसम IMD के अनुसार निचले इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में 13 से 16 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इसी तरह, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी अगले चार से पांच दिनों तक धूप खिली रहेगी और बारिश या बर्फबारी की कोई चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 फरवरी की आधी रात से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते 17 और 18 फरवरी को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इन दिनों राज्य के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात होने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल छाने के साथ हल्की बर्फ गिर सकती है। इसके बाद, 19 फरवरी को फिर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के के अनुसार, आने वाले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दिन के तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बने रह सकते हैं, जबकि रातें ठंडी रहेंगी। हाल ही में राज्य का सबसे कम तापमान ताबो में माइनस 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Spread the love