पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्रीय बजट 2026-27 को ‘विकसित भारत’ के संकल्प और युवा आकांक्षाओं की पूर्ति वाला बताया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश यह बजट समाज के हर वर्ग गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग को लाभ पहुंचाने वाला एक संतुलित और समावेशी दस्तावेज है। धर्मशाला में जारी एक बयान में अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार भारत को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रही है। उनके अनुसार, बजट 2026-27 आर्थिक संप्रभुता, विकास और जन-आकांक्षाओं की पूर्ति के तीन कर्तव्यों रोजगार, विकास और सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को स्पष्ट करता है। सांसद अनुराग बोले- यह बजट विकसित भारत की आधारशिला ठाकुर ने यह भी कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत की आधारशिला को और मजबूत करता है। पब्लिक कैपिटल एक्सपेंडिचर को 11.2 लाख करोड़ से बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करना भविष्य की अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसका लाभ हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों को भी आधारभूत ढांचे, कनेक्टिविटी और रोजगार के रूप में मिलेगा। युवाओं और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के संदर्भ में, अनुराग सिंह ठाकुर ने ‘खेलो इंडिया मिशन’ के विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्रों, प्रशिक्षकों के व्यवस्थित विकास, खेल विज्ञान व तकनीक के एकीकरण से जमीनी स्तर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इससे हिमाचल के युवाओं को भी राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी। अनुराग ने बजट में एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक (एवीजीसी) सेक्टर को उद्योग के रूप में बढ़ावा देने के प्रस्ताव को ऐतिहासिक बताया। ठाकुर ने कहा कि 2030 तक इस क्षेत्र में 20 लाख पेशेवरों की आवश्यकता होगी। मुंबई में भारतीय क्रिएटिव टेक्नोलॉजी संस्थान की स्थापना, 15 हजार माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी लैब्स की स्थापना से युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे। डिजाइन एजुकेशन के लिए नए नेशनल डिजाइन स्कूल खोलने का प्रस्ताव भी रचनात्मक और तकनीकी कौशल को संस्थागत समर्थन देगा। अंत में, अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बजट 2026-27 देश की विकास यात्रा को और गति देगा।

Spread the love