हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को आज राहत राशि प्रदान की जाएगी। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू दोपहर बाद मंडी के पड्डल मैदान में राहत राशि वितरण करेंगे। इससे पहले वह मंडी के पनारसा में सरकारी डिग्री कॉलेज का उद्घाटन कर जनता को समर्पित करेंगे। इसके बाद, पड्डल मैदान पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह मंडी, कुल्लू और बिलासपुर जिलों के कुल 3042 आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। प्रदेश में इस बार मानसून की भारी बारिश से बड़ी तबाही हुई है। मंडी में सबसे ज्यादा तबाही, एक रात में 13​ बादल​​​​​​ फटे मंडी जिला इस तबाही का एपिक सेंटर रहा है। ​खासकर सराज विधानसभा क्षेत्र, जहां एक ही रात में 13 जगह बादल फटने से जान और माल दोनों को भारी नुकसान पहुंचा है। मंडी के अन्य क्षेत्रों में कुल्लू जिला में भी आपदा ने तबाही मचाई है। अपने संसाधनों से मदद करने जा रही सरकार राज्य सरकार अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपए के स्पेशल पैकेज मिलने का इंतजार करती रही है। मगर केंद्र ने अब तक इसे जारी नहीं किया। ऐसे में सरकार अपने आर्थिक संसाधनों से आज आपदा प्रभावितों की मदद करने जा रही है। जिनके घर टूटे, उन्हें 22.55 करोड़ देगी सरकार दावा किया जा रहा है कि जिन 1038 आपदा प्रभावित परिवारों के घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए थे, उन्हें सरकार 22.55 करोड़ रुपए की राहत राशि प्रदान करेगी। इन परिवारों को पहली किश्त के रूप में चार लाख रुपए मिलेंगे। इसी तरह, 2004 ऐसे परिवारों के जिनके घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, उन्हें 13 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जाएगी। इस दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी उपस्थित रहेंगे।

Spread the love