हिमाचल प्रदेश में चंबा के चुराह से विधायक डॉ. हंसराज पर एक महिला ने अपने परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है, जिसमें उन्होंने विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। वायरल वीडियो में महिला ने विधायक डॉ. हंसराज पर ‘गुंडाराज’ चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधायक और उनके समर्थकों से उनके परिवार को खतरा है। महिला का आरोप है कि उनकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही है और पुलिस मामले को रफा-दफा करने का दबाव बना रही है। पहले भी लगाए थे उत्पीड़न के आरोप यह पहली बार नहीं है जब महिला ने विधायक पर आरोप लगाए हैं। इससे पहले भी महिला ने डॉ. हंसराज पर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उस समय मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज किए गए थे, लेकिन कुछ दिन बाद महिला अपने बयान से मुकर गई थी, जिसके बाद मामला बंद हो गया था। महिला का आरोप है कि पिछली बार भी उन्हें डराया-धमकाया गया था, जिसके कारण उन्हें बयान बदलना पड़ा था। महिला ने वीडियो में बताया कि उन्हें घर जलाने की धमकी दी जा रही है, उनके हर जगह काम रोके जा रहे हैं और अस्पताल में उनका इलाज नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक और उनके आदमियों द्वारा उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। विधायक हंसराज बोले- मेरी राजनीतिक छवि खराब की जा रही इस बारे में विधायक डॉ हंसराज ने कहा है कि, मैं अभी ऑफ स्टेशन हूं। इस लड़की ने पहले भी आरोप लगाए थे। जांच में पूरा सहयोग दिया गया है। मैं 15- 16 सालों से सक्रिय राजनीति में हूं और मेरी राजनीतिक छवि को खराब करने की कोशिश विरोधियों द्वारा की जा रही है। चुराह में हिंदू- मुस्लिम करके दंगे भड़काने की कोशिश की जा रही है और मामले को संप्रदाय के रंग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, इसके पीछे किसकी साजिश है किसके जरिए कराया जा रहा है। इसमें राजनीति से जुड़े व्यक्ति शामिल हैं। उन्होंने कहा है कि लड़की का मेडिकल होना चाहिए, वह कौन सा नशा करती है, कौन सा ड्रग्स लेती है। वह उन पर मानहानि का केस करेंगे। यहां के मुसलमान उन्हें समर्थन देते हैं, लिहाजा चुराह में हिंदू- मुसलमान करने की कोशिश की जा रही है। विवादों से पुराना नाता विधायक डॉ. हंसराज का विवादों से पुराना नाता रहा है। कुछ साल पहले उन पर एक स्कूल में बच्चों के दाखिले को लेकर भी विवाद हुआ था। दाखिला न होने पर विधायक ने बच्चों को कंधार भेजने की धमकी दी थी, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।