शिमला में सतलुज नदी पर स्थित देश की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना नाथपा झाकड़ी ने अक्टूबर माह में विद्युत उत्पादन का दूसरा सर्वाधिक रिकॉर्ड बनाया है। यह उपलब्धि राष्ट्र को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत करने की परियोजना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। परियोजना ने इस वर्ष अक्टूबर माह में 566.418 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया है। इससे पहले, अक्टूबर 2011 में सर्वाधिक 660.778 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन दर्ज किया गया था। एसजेवीएन का 1500 मेगावॉट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। तकनीकि दक्षता से मिली उपलब्धि परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए एसजेवीएन प्रबंधन के दूरदर्शी नेतृत्व, मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय परियोजना के सभी कर्मियों की निरंतर कड़ी मेहनत, दृढ़ प्रतिबद्धता और उच्च तकनीकी दक्षता को दिया। कपूर ने विशेष रूप से संचालन एवं अनुरक्षण इकाई और नाथपा बांध प्रबंधन दल की निरंतर सतर्कता, टीम भावना और उत्कृष्ट कार्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन्हीं के सामूहिक प्रयासों से यह सफलता संभव हो पाई है, जो सभी कर्मियों के समर्पण और एकजुटता को दर्शाता है।

Spread the love