कांगड़ा में आज यानी शुक्रवार को दोपहर बाद लैंडस्लाइड हुआ है। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध धर्म पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में धर्मशाला-मैक्लोडगंज मार्ग पर चर्च के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। लैंडस्लाइड के चलते धर्मशाला से मैक्लोडगंज की सड़क कनेक्टिविटी पूरी तरह टूट गई है। प्रशासन ने राहत कार्य के लिए मशीनरी तैनात कर दी है और जेसीबी की मदद से सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल सभी मार्ग बंद होने से पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और व्यवसायियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले खड़ा डंडा मार्ग और अन्य वैकल्पिक सड़कें भी लगातार हो रहे लैंडस्लाइड के कारण बंद पड़ी हैं। ऐसे में मैक्लोडगंज पूरी तरह से शेष क्षेत्र से कट चुका है। धर्मशाला का सबसे बड़ा पर्यटन प्रोजेक्ट स्काई वे रोपवे भी प्रभावित है। कुछ दिन पहले हुए लैंडस्लाइड में इसका एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते रोपवे सेवा पहले से ही बंद पड़ी है। कोरिया से आए अनुयायी कल दलाई लामा से मिलेंगे
सड़क बंद होने का असर धार्मिक गतिविधियों पर भी पड़ सकता है। दरअसल, 20 सितंबर (शनिवार) को मैक्लोडगंज स्थित मुख्य बौद्ध मठ में तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की दीर्घायु के लिए विशेष प्रार्थना सभा आयोजित हो रही है। इस कार्यक्रम में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों और कोरिया से आए बौद्ध अनुयायी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। अचानक हुई सड़क बंदी से इनके आवाजाही और प्रबंधन पर संकट खड़ा हो गया है। धर्मशाला से मैक्लोडगंज की दूरी लगभग 9 किलोमीटर है। प्रमुख वैकल्पिक सड़कें जैसे खड़ा डंडा मार्ग और गग्गल-नड्डी मार्ग भी बंद हैं। अनुमानित 5 से 7 हजार पर्यटक और स्थानीय लोग इस स्थिति से प्रभावित हुए हैं।