हिमाचल प्रदेश के मंडी के सुंदरनगर के अनिल कुमार (27) की मोहाली में हत्या के आरोप में पंजाब पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने का दावा है। अनिल कुमार ट्राईसिटी में कैब चलाता था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल विधानसभा में इसकी जानकारी दी है। दरअसल, जोगेंद्रनगर से BJP विधायक प्रकाश राणा ने बीते कल सदन में यह मामला उठाया था। इसके बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने पंजाब और हरियाणा के डीजीपी से बात करने का भरोसा दिया। दोनों राज्यों के डीजीपी से बात के बाद सीएम सुक्खू ने आज सदन में कहा कि अनिल की हत्या मामले में पंजाब पुलिस ने मोहाली में मामला दर्ज कर दिया है। उन्होंने बताया कि हत्या के आरोप में साहिल बशीर, मुनिश सिंह उर्फ अंश और एवाज अहमद उर्फ वसीम को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि लूटी गई गाड़ी, अपराध में इस्तेमाल 32 बोर पिस्टल और मृतक का शव मोहाली से बरामद कर लिया गया है। मोहाली के नया गांव में रहता था अनिल बता दें कि अनिल कुमार मोहाली के नया गांव में रहता था। तीनों आरोपियों ने उसका अपहरण के बाद मर्डर कर दिया। तीनों को पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार किया। अब तक की जांच के अनुसार, अनिल कुमार 29 अगस्त को घर से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के लिए सवारी लेने गया था। उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। उसकी कार रोपड़ टोल पर देखी गई थी। एक आरोपी यूएपीए में गिरफ्तार हो चुका मुख्य आरोपी साहिल बशीर पहले से ही यूएपीए और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित है। उसका भाई एजाज अहमद भी पहले हथियारों के साथ गिरफ्तार हो चुका है। दोनों जैश-ए-मोहम्मद के ओवर-ग्राउंड वर्कर बताए जा रहे हैं। अनिल की शुक्रवार रात 10 बजे आखिरी बार घर पर बात हुई पुलिस के अनुसार, अनिल ने शुक्रवार रात 10 बजे आखिरी बार अपने घर पर फोन किया था। उस समय उसने बताया था कि वह खरड़ इलाके से सवारी लेकर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन जा रहा है। उसने यह भी कहा कि यह उसकी दिन की आखिरी बुकिंग है और इसके बाद वह सीधे घर आकर खाना खाएगा। मगर, इसके बाद से परिवार से उसका कोई संपर्क नहीं हुआ और उसका मोबाइल निरंतर बंद आ रहा था। कुराली के सीसीटीवी में देखी गई कार इसके बाद परिवार ने पहले अपने स्तर पर जांच की। जांच में पता चला कि रात करीब 11:45 बजे अनिल की कार कुराली टोल प्लाजा से गुजरी। परिवार ने टोल प्लाजा का सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसमें कार को एक अज्ञात व्यक्ति चला रहा है और उसके बगल वाली सीट पर दूसरा शख्स बैठा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर बता लगा रही है कि किस मकसद से अनिल का अपहरण और मर्डर किया गया।

Spread the love