सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में यमुना नदी से रेत ले जा रहे 2 ट्रैक्टरों को जब्त करने की धमकी देकर 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस ने वन विभाग के रेंज ऑफिसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बागनी में तैनात रेंज ऑफिसर सुमंत के रूप में हुई है। विजिलेंस के मुताबिक, उसे शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मामले में बागनी गांव के इकराम ने विजिलेंस में शिकायत दी थी। इकराम पेशे से मजदूर है। शिकायत के अनुसार, उसके जीजा जुल्फान के 2 ट्रैक्टर यमुना नदी से रेत ले जा रहे थे। आरोप है कि रेंज ऑफिसर ने दोनों ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी दी और उन्हें कार्रवाई से बचाने के बदले 10 हजार रुपए की मांग की। शिकायत के बाद विजिलेंस ने बिछाया जाल शिकायत मिलने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में पांवटा साहिब में जाल बिछाया। टीम ने रेंज ऑफिसर को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस थाना नाहन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस कर रही मामले की जांच विजिलेंस के अनुसार, मामले में आगामी जांच जारी है। रिश्वत मांगने और स्वीकार करने से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। भ्रष्टाचार की शिकायत देने की अपील पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि सरकारी अधिकारी कानून से ऊपर नहीं हैं। रिश्वत मांगने या स्वीकार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें बिना डर सामने लाने की अपील की।