कांगड़ा में बाईपास पर बनी दो सुरंगों और रियुन्द खड्ड पुल को यातायात के लिए खोल दिया गया। इससे कांगड़ा से रानीताल के बीच की दूरी 17 किलोमीटर से घटकर महज 9 किलोमीटर रह जाएगी। विधायक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पवन काजल ने कहा कि बाईपास शुरू होने से कांगड़ा आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को समेला और पुराना कांगड़ा में लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। वह रविवार को हारजलाड़ी गांव में आयोजित अंडर-19 फुटबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में संबोधित कर रहे थे। काजल ने बताया कि हारजलाड़ी को नंदरुल खर्ट से जोड़ने के लिए बनेर खड्ड पर पुल का निर्माण करवाया जा रहा है। विधायक की प्राथमिकता वाले इस कार्य के तहत पुल का दूसरा स्पैन मार्च तक डाला जाएगा। इसे अगले वर्ष जून में यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। 20 करोड़ रुपए की योजना पर चल रहा काम उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र के गांवों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 20 करोड़ रुपए की योजना पर काम चल रहा है। इसके तहत गांवों में बिछाई जाने वाली पाइपें पहुंच चुकी हैं। जल्द ही हारजलाड़ी, जान्याकड़, समेला, तकिपुर, धमेड, कुलथी और दौलतपुर पंचायतों के लोगों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। विधायक ने बताया कि कांगड़ा बाईपास से समेला सुरंग तक सड़क की नए सिरे से टायरिंग करवाई जा रही है। इसके अलावा बाईपास से बीरता तक सड़क की मरम्मत भी करवाई जाएगी। प्रतियोगिता में 12 टीमों ने हिस्सा लिया इस दौरान काजल ने केंद्र सरकार की लोकप्रियता से विपक्ष के बौखलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग के खिलाफ प्रचार कर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में चर्चा से बचने वाले विपक्षी नेता सड़कों पर धरना-प्रदर्शन कर दिल्ली के शांत माहौल और कारोबार को प्रभावित कर रहे हैं। प्रतियोगिता के आयोजन पर यूथ क्लब जलाड़ी को बधाई देते हुए काजल ने क्लब को 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी। क्लब के सदस्य सक्षम ने बताया कि प्रतियोगिता में 12 टीमों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर आयुष, अंशुल, मुकेश, सौरभ, अमन, ग्राम पंचायत प्रधान मीना देवी, दौलतपुर के उपप्रधान बलवीर सिंह, सतीश सोनी, पूर्व बीडीसी सदस्य प्रिंस और पूर्व उपप्रधान बोध राज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।